Wednesday, 18 January 2012

सलेम प्रत्यर्पण मामले में भारत को बड़ा झटका

पुर्तगाल के सुप्रीम कोर्ट ने भारत को बड़ा झटका देते हुए उस आदेश को बरकरार रखा है जिसके तहत नियमों के उल्लंघन के लिए अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम के प्रत्यर्पण को रद्द कर दिया गया था। कोर्ट ने कहा कि प्रत्यर्पण संधि का अंडरवर्ल्ड डॉन पर नए आरोप लगाकर उल्लंघन किया गया। इन नए आरोपों के कारण उसे मौत तक की सजा हो सकती है। 
पुर्तगाली सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार को अपीलीय कोर्ट के आदेश के खिलाफ भारत की ओर से किए गए आवेदन को दरकिनार करते हुए लिस्बन में यह फैसला दिया। अपीलीय कोर्ट ने कहा था कि ४६ वर्षीय सलेम के २००५ में हुए प्रत्यर्पण मामले में नियमों का उल्लंघन हुआ है। फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए सीबीआई ने मंगलवार को कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने सलेम का प्रत्यर्पण रद्द नहीं किया है बल्कि केवल एक तकनीकी मुद्दा उठाया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, आदेश का सलेम की स्थिति और भारत में उसके खिलाफ चल रही सुनवाई पर असर पड़ने की संभावना नहीं है।